चंदौसी। अब रोडवेज बसों की बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले शादी, बरात या पिकनिक के लिए बस किराए पर लेने के लिए एक माह पहले आवेदन करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया आसान हो गई है। अब लोग सिर्फ एक सप्ताह पूर्व ही रोडवेज डिपो में जाकर शादी व पिकनिक आदि के लिए बस बुक करा सकेंगे। बताते चलें कि विभाग पर पिछले छह माह से बस की कोई बुकिंग भी नहीं मिली है।
पहले अगर किसी को शादी व पिकनिक आदि के लिए रोडवेज बस की बुकिंग करानी हो, तो यात्रा तिथि से एक माह पहले बुकिंग करानी होती थी। लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह बदल दी गई है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि 400 किलोमीटर और 24 घंटे तक के लिए रोडवेज बस की बुकिंग का किराया लगभग 28,000 रुपये तय किया गया है।
बताया कि निजी बसों की तुलना में यह किराया काफी कम है। बस बुक करवाने के लिए संबंधित डिपो के एआरएम कार्यालय में आवेदन देना होगा। शादी के लिए बस चाहिए तो आवेदन के साथ विवाह कार्ड भी अनिवार्य रूप से लगाना होगा। दूरी चाहे कम हो या अधिक, किराया न्यूनतम 400 किलोमीटर के आधार पर ही लिया जाएगा। यदि बस 400 किलोमीटर से अधिक चलती है, तो किराया उसी के अनुरूप बढ़ जाएगा। एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि अब शादी, पिकनिक या अन्य कार्यक्रमों के लिए रोडवेज बस यात्री तारीख से एक सप्ताह पहले बुक की जा सकती है। बताया कि यात्रियों को सुरक्षित और सस्ती सुविधा देने के लिए बस बुकिंग की प्रक्रिया लगातार बेहतर की जा रही है। वहीं छह माह से विभाग पर कोई बुकिंग भी नहीं आई है।