संभल। मुरादाबाद मार्ग पर तख्त गुसाईं (तश्तपुर) में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 4.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक बस अड्डा करीब 3500 वर्ग मीटर में फैला है, जिसमें अब तक लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यह परियोजना जुलाई 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, इस बस अड्डे के बनने से 1991 से किराये के भवन में चल रही संभल रोडवेज की समस्या दूर हो जाएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुरादाबाद मार्ग पर तश्तपुर में 3500 वर्ग मीटर भूमि में रोडवेज बस अड्डे का निर्माण चल रहा है। शासन ने निर्माण के लिए सीएनडीएस जल निगम को कार्यदायी संस्था बनाया है। 4.30 करोड़ रुपये का बजट भी जारी हो चुका है। वर्तमान में भवन तैयार हो चुका है और पिलर भी लग गए हैं। चार कमरे बन गए हैं और बाउंड्रीवॉल भी तैयार हो गई है। हालांकि, बाउंड्रीवॉल का प्लास्टर चल रहा है। बताते चलें कि वर्ष 1991 से किराये के भवन में रोडवेज बस अड्डा चल रहा है। यहां यात्रियों के लिए सुविधाएं नहीं हैं। फर्नीचर नहीं है और परिसर टूट चुका है। बसों में सवार होने के लिए यात्रियों को ठोकर लगने का अंदेशा रहता है। चूंकि परिसर छोटा है तो बसें बाहर सड़क पर खड़ी होती हैं। जिस वजह से जाम भी लग जाता है। अगर तश्तपुर में रोडवेज बस अड्डा का निर्माण हो गया तो यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। ठेकेदार आदिल ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जुलाई माह तक यह तैयार हो जाएगा।