चंदौसी (संभल)। रोडवेज बस में अब मुरादाबाद से चंदौसी के किराये में 15 रुपये की कटौती की गई है। पिछले दो माह से रोडवेज बसें रामपुर टी-प्वाइंट से होकर मुरादाबाद जा रही थी। बुधवार से बसों ने सीधी पंडित नगला मार्ग होते हुए मुरादाबाद बस स्टैंड पहुंचना शुरू कर दिया। किराये में 15 रुपये की कटौती होने से यात्रियों का काफी लाभ मिलेगा।
मुरादाबाद में डबल फाटक पुल पर निर्माण कार्य होने से पिछले दो माह से चंदौसी-मुरादाबाद के बीच चलने वाली रोडवेज बसों का रूट बदल दिया गया था, जिससे बसों का संचालन रामपुर टी-प्वाइंट से शुरू होने पर किराये में 15 रुपये की वृद्धि कर दी गई। जिससे चंदौसी-मुरादाबाद का सफर 74 रुपये के स्थान पर 89 रुपये हो गया था। किराये में वृद्धि होने से यात्रियों पर आर्थिक बोझ पड़ना शुरू हो गया था। पहले चंदौसी से मुरादाबाद की दूरी 48 किलोमीटर थी, मगर रामपुर टी-प्वाइंट से मुरादाबाद की दूरी 60 किलोमीटर हो गई थी। 12 किलोमीटर अधिक रोडवेज बस चलने पर किराये में 15 रुपये की वृद्धि की गई थी। रोडवेज बस स्टैंड इंचार्ज अनिल मिश्रा ने बताया कि बुधवार की दोपहर दो बजे पीतल नगरी डिपो के एआरएम प्रेम सिंह का फोन आया था। उन्होंने बताया कि अब पुन: बसों का संचालन पंडित नगला से शुरू हो गया है। इसलिए बस के किराये में 15 रुपये प्रति यात्री कम कर दिया गया है। जिससे यात्रियों ने राहत महसूस की।