गुन्नौर(संभल)। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव रसूलपुर के नजदीक बुधवार की देर रात 1.35 बजे करीब तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क आगे जा रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में डीसीएम चालक और बस में सवार 12 यात्री समेत 13 लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचा। जहां चिकित्सक ने दो की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
बुधवार की रात बरेली डिपो की बस आनंद बिहार से चल कर बदायूं जा रही थी। बस में करीब 15 यात्री थे। देर रात जब बस गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव रसूलपुर के नजदीक कुम्हारों की पुलिया के पास पहुंची तो अधिकांश यात्री नींद में थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर आगे जा रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर लगने से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं टक्कर लगने से यात्री अपनी-अपनी सीटों से उछल कर इधर उधर सीटों से टकरा गए। हादसे में 13 लोग घायल हो गए।
चीख पुकार मचने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस बुला कर घायलों को सीएचसी भेज दिया। जहां चिकित्सक ने डीसीएम चालक प्रवीण व यात्री अरुण की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। पुलिस ने दूसरी बस के माध्यम से यात्रियों को भेजा।
यह हुए घायल
हादसे में डीसीएम चालक प्रवीण पुत्र श्यौराज निवासी गठोना थाना उझानी जनपद बदायूं के अलावा बस में सवार शमीम अहमद पुत्र नूर मोहम्मद, अहद पुत्र शमीम अहमद, रुबीना पत्नी शमीम अहमद निवासी गण मोहल्ला नई बस्ती थाना व कस्बा गुन्नौर जनपद संभल, सूरज पुत्र रामचरन निवासी नूरियलपुर थाना माडो टांडा जनपद पीलीभीत, हुमा पुत्री इरफान, फरजाना पत्नी इरफान निवासी गांव टहरा पीलीभीत, लक्ष्मण पुत्र बलवीर, सुखराम पत्नी बलवीर निवासी औरंगाबाद थाना फरीदपुर जनपद बरेली, अरुण पुत्र बुद्धि निवासी फकीरा मोहल्ला थाना बहजोई जनपद संभल, देवेंद्र पाल पुत्र प्रेमपाल निवासी सुंदरनगर थाना अलापुर जनपद बदायूं, सुरेश चंद्र पुत्र राधेश्याम, सुशीला देवी पत्नी सुरेश निवासी कमला क्वार्टर गाजियाबाद।