गवां (संभल)। रजपुरा ब्लॉक की 68 ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल योजना परवान चढ़ती नहीं दिखाई दे रही है। कहीं ओवरहेड टैंक का निर्माण अधूरा है तो निर्माण ही शुरू नहीं हो पाया है। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें तोड़ने के बाद ऐसे ही छोड़ दी गई हैं। बारिश के मौसम में उन सड़कों से निकलना दूभर हो गया है। कागजों में पेयजल का कार्य पूर्ण है लेकिन हकीकत कुछ और ही है।
ब्लॉक के गांव सिरसा में करीब 2 वर्ष पहले ओवरहैड टैंक के निर्माण से लेकर पाइप लाइन बिछाने का काम पूर्ण हो चुका है लेकिन ग्रामीणों को अभी तक शुद्ध पेयजल नहीं मिला है। प्रधानपति ओमप्रकाश राणा ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद में समाधान नहीं हो पाया है।
गांव खगुपुरा में पाइप लाइन बिछाई गई। कुछ सड़कों की मरम्मत हो चुकी है लेकिन अभी ओवरहैड टैंक का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। जल निगम ग्रामीण द्वारा बनाए गए कमरे में बकरी पालन हो रहा है और यह आरामगाह स्थल बना है।
गांव केसरपुर में सड़कों का तोड़ने के बाद पाइप बिछाई गई लेकिन 2 वर्ष बाद भी मरम्मत का कार्य नहीं किया गया है। मुख्य मार्ग पर जलभराव रहता है। गांव डोहरी में 1 वर्ष से ओवरहेड टैंक निर्माण का कार्य रुका हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि टूटी सड़कों पर बरसात में जलभराव हो रहा है। मच्छर पनप रहे हैं और बीमारी फैल रही हैं। अन्य गांवों के भी कुछ ऐसे ही हालात है। ग्रामीणों को पेयजल मुहैया होने की बात तो छोड़िये टूटी सड़कों के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जनगांव में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी। अब तक न तो पेयजल मिला है और न ही तोड़ी गई सड़क की मरम्मत कराई गई है। -संजीव कुमार, सिरसा
-बिना ओवरहैड टैंक बनाए ही कभी कभी पानी छोड़ दिया जाता है। पाइप लाइन जगह-जगह से लीकेज हो रही है। जिस कारण पेयजल नहीं मिल रहा है। -तोताराम, खगुपुरा
-जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई गई लेकिन सड़क में हुए गड्ढे ठीक नहीं किए गए। सड़क पर जलभराव रहने लगा है। पेयजल भी नहीं मिला। -इंद्रपाल, केसरपुर-पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें तोड़ दी गई। उन सड़कों से निकलना मुश्किल हो रहा है। ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य एक वर्ष से रुका हुआ है। -अजीत कुमार, गांव डोहरी