चंदौसी (संभल)। शहर के जवाहर रोड से खुर्जा गेट सब्जी मंडी तक जाने वाली सड़क की हालत जर्जर है। 200 मीटर भाग में जगह-जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़कर गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। करीब आधा दर्जन स्थानों पर गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मार्ग पर सब्जी मंडी होने के कारण सुबह-शाम लोडर, ठेली और बाइकों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को रास्ता तलाशते हुए निकलना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा खामियाजा दोपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। उखड़ी बजरी पर फिसलन से आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश होते ही स्थिति और बिगड़ जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। पैदल राहगीरों को भी कीचड़ और बजरी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि करीब छह माह से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। वाहन धीरे-धीरे निकालने से जाम की स्थिति भी बनती है। रोजाना मंडी आने-जाने वाले व्यापारियों, दुकानदारों और आसपास के मोहल्लों के लोगों ने पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और पैचवर्क कराने की मांग की है, ताकि हादसों पर अंकुश लग सके।