गुन्नौर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए एक ग्रामीण ने एसडीएम से शिकायत की है। साथ ही एक वीडियो भी होने का दावा किया है। शिकायत मिलने पर एसडीएम ने कार्यवाहक तहसीलदार को जांच सौंपी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। तहसील के गांव रैंधा निवासी राधेश्याम ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि उसकी मां के नाम भूूूूमि ग्राम रघुपुर खाम में स्थित है। जिसकी पैमाइश कराने के लिए वह राजस्व निरीक्षक के पास आए थे। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक ने 10 जनवरी 2022 को बतौर रिश्वत 45 हजार रुपये लिए और पैमाइश करने का वादा किया। काफी समय से पैमाइश करने पर टाल मटोल कर रहे हैं। जब रुपये वापस मांगे तो राजस्व निरीक्षक जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीण का दावा है कि उसके पास एक वीडियो है जिसमें वह राजस्व निरीक्षक को रुपये दे रहे हैं। इस मामले की जानकारी होने पर एसडीएम ने जांच शुरू करा दी है। कार्यवाहक तहसीलदार देवेंद्र कुमार त्रिपाठी को जांच सौंपी गई है।