बहजोई (संभल)। लखनऊ एडीजी कार्मिक का सीए बाबू बनकर कॉल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पीएसी का सेवानिवृत्त कर्मी बताया जा रहा है। आरोपी संभल एसपी के कैंप कार्यालय में लगे टेलीफोन ड्यूटी के सिपाही को कॉल कर जिले के अलग अलग थानेदारों से बातचीत कराने के लिए कहता था। शक होने पर जांच पड़ताल की गई। इसके बाद ही ठग होने की जानकारी हुई। टेलीफोन ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी ने बहजोई कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी संभल के बहजोई स्थित कैंप कार्यालय में टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सनी लांबा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 14 अप्रैल को एक व्यक्ति ने दफ्तर के फोन पर कॉल कर खुद को एडीजी कार्मिक का सीए बाबू बताते हुए कहा कि एसओ धनारी से बोलो, कि मुझसे बात करें। इसके बाद उस व्यक्ति ने दोबारा कॉल की। बेसिक फोन पर आवाज ठीक से न आने पर व्यक्ति ने उससे निजी नंबर ले लिया। इसके बाद वह उससे आए दिन बात करता रहता। इस बीच व्यक्ति ने बहजोई व हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारियों को भी कॉल करने को कहा। इससे उसे संदेह हुआ तो अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
तीन मई को पुलिस मुख्यालय लखनऊ में एडीजी कार्मिक के सीए बाबू से बात करने पर जानकारी मिली कि उन्होंने कोई कॉल नहीं की है। इससे साफ हो गया कि एडीजी कार्मिक का सीए बाबू बनकर कॉल करने वाला कोई ठग है। अधिकारियों के निर्देश पर एसओजी और सर्विलांस की टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। बहजोई थाना प्रभारी पंकज लवानियां ने बताया कि टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस की मदद से एडीजी कार्मिक का सीए बाबू बनकर फर्जी तरीके से कॉल करने के आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पहचान मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना अंतर्गत कृष्णा नगर निवासी जगदीश सिंह यादव के रूप में कराई है। वहीं जानकारी सामने आई है कि आरोपी पीएसी का सेवानिवृत्त कर्मी है। अब पुलिस आगे की छानबीन भी कर रही है। जिससे जानकारी सामने आ सके कि आरोपी एडीजी कार्मिक का सीए बाबू बनकर कॉल क्यों करता था और वह किसके लिए सिफारिश करना चाहता था।