संभल। जनपद संभल में गणतंत्र दिवस का सबसे भव्य कार्यक्रम बहजोई स्थित पुलिस लाइन में पुलिस की परेड का होगा। जिसमें माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी सलामी लेंगी। सुबह नौ बजे से कार्यक्रम का शुरू होगा और साढ़े नौ बजे राज्यमंत्री सलामी लेंगी। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ध्वजारोहण करेंगे। संभल नगर पालिका परिषद में सुबह साढ़े 8 बजे पालिकाध्यक्ष आरिफा शकील ध्वजारोहण करेंगी। अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुबह साढे़े 8 बजे ध्वजारोहण सीओ संभल सिद्धार्थ करेंगे। पुलिस कर्मियों को राष्ट्रीय एकता के लिए शपथ दिलाई जाएगी।
संभल जिले के विभिन्न स्थानों पर कई दिन से गणतंत्र दिवस की तैयारियां चल रही हैं। पुलिस लाइन और जिले के विभिन्न कार्यालयों पर शनिवार को दिन भर तैयारी चलती रही। देर रात सरकारी और गैर सरकारी भवनों में सजावट की गई । संभल नगर पालिका ने मुख्यमार्ग पर रोशनी कराई। गणतंत्र दिवस पर सरकारी कार्यालयों में सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण होना है।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण करेंगे। पुलिस लाइन में उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। वह पुलिस की परेड की सलामी भी लेंगी। इस मौके पर चंद्रपाल आर्य कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संभल के बाल विद्या मंदिर में उप जिलाधिकारी राजेश कुमार सुबह 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। इसी तरह विभिन्न विद्यालयों में तैयारी की गई है।