सरायतरीन। घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने, गाली-गलौज करने और वाहन में आग लगाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के 16 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
हयातनगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी अधिवक्ता का आरोप है कि 19 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे मोहल्ले के ही छह लोग उनके घर के सामने गाड़ी खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजाने लगे। घर की महिलाओं द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी का गेट लॉक तोड़कर उसमें आग लगाने का प्रयास किया। आग नहीं लगने पर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
मामले में अधिवक्ता ने थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी संजीव कुमार बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहल्ला शाहजीपुरा सरायतरीन मनिहारों वाली गली निवासी अरशद, पंकज, लकी, अरशद के ममेरे भाई और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद