संभल। पूर्ति निरीक्षक ने जींस वाशिंग प्लांटों में छापे के दौरान मिले घरेलू गैस सिलिंडरों के मामले में तीन लोगों के खिलाफ रायसत्ती थाने में दो रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। डीएम द्वारा अनुमति दिए जाने के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूर्ति निरीक्षक अंकित कुमार अवस्थी ने थाना रायसत्ती के गांव ताजुद्दीनपुर में महराजगंज रायबरेली निवासी अनिल और चौधरी सराय चारा मंडी निवासी मो. हाशिम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा कि चार अगस्त को सिटी मजिस्ट्रेट ने मोहल्ला तिमरदास सराय में अवैध जींस वाशिंग प्लांट पर छापा मारा तो वहां तीन घरेलू गैस सिलिंडर व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे थे, यह दोनों की सुपुर्दगी में दिए गए।
पांच अगस्त को वह प्लांट पर गए तो वहां एक आंशिक और दो खाली सिलिंडर थे। इनके कागज नहीं दिखाए गए। सिलेंडर और चूल्हा भट्टी को डोडा गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रदीप कुमार की सुपुर्दगी में दिया गया। एसडीएम के माध्यम से पत्रावली डीएम को भेजी गई। अनुमति मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दूसरे मामले में पूर्ति निरीक्षक ने फैजान निवासी चमन सराय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कहा कि 11 अगस्त को सिटी मजिस्ट्रेट ने मोहल्ला तिमरदास सराय में बंगले वाली मस्जिद के सामने वाली गली में जींस वाशिंग प्लांट पर छापा मारा था। यहां से एक भरा और दो खाली घरेलू गैस सिलिंडर मिले थे। संचालक फैजान को बुलाया गया लेकिन नहीं आया। बरामद गैस सिलिंडरों को डोडा गैस एजेंसी के प्रबंधक की सुपुर्दगी में दिया गया।