संभल। विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देेने के आरोप में दो महिला समेत छह लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शनिवार को बनियाठेर थाना क्षेत्र के कस्बा नरौली अंतर्गत मोहल्ला काजी टोला निवासी लुकमान आजम की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसमें पीड़ित की बहन के पति डेरा सराय निवासी काशिफ उर्फ साहिर, ससुर ताहिर हसन, देवर तारिक उर्फ शेरू, नंद हिना, फरहाना और चौधरी सराय निवासी नंदोई काशिफ उर्फ अजमी को आरोपी बनाया है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया है कि उसकी बहन का पति व ससुरालिया दहेज के रूप में चार लाख रुपये व कार की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। शुक्रवार को इसी मांग को फिर दोहराया और विरोध करने पर जहर देकर मारने का प्रयास किया। पुलिस ने इन्हीं आरोपों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।