संभल। अलग-अलग समुदाय के महिला-पुरूष साथ रहने की सूचना पर हिंदू संगठनों में रोष पनप गया। धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला और पुरूष से पूछताछ की। महिला ने धर्मांतरण की बात से इनकार किया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे महिला के बेटे ने आरोपी व्यक्ति पर उसकी मां को जबरदस्ती लेकर जाने का आरोप लगाया और रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है। नखासा थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद निवासी नफीस दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। बिहार के समस्तीपुर निवासी एक परिवार में आना जाना था। यह परिवार इस समय नोएडा के सरफराबाद सेक्टर 23 में रहकर मजदूरी करता है। महिला के बेटे का कहना है कि उसकी मां विधवा है और नफीस उनके परिवार के साथ मजदूरी करता ह। इसलिए जान पहचान बढ़ गई है। बताया कि शुक्रवार को नफीस अपने गांव घुमाने के लिए उसको और उसकी मां को साथ लाया था। महिला के बेटे का कहना है कि संभल के रायसत्ती तिराहे पर वह किसी काम से गया तो इसी दौरान आरोपी नफीस उसकी मां को जबरदस्ती लेकर चला गया। काफी तलाश करने के बाद भी कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने महिला के बेटे की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। नखासा थाना इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया है कि महिला के बेटे की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी जेल भेज दिया गया है।