संभल।
हैंडीक्रॉफ्ट कारीगर उवैस की हत्या में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। कारीगर की पीटकर हत्या की गई है। इसकी गवाही शरीर पर लगी गहरी चोट दे रही हैं। पुलिस इस हत्या को कई एंगल से जोड़कर जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ के लिए भी बुलाया गया है। कारीगर की हत्या कर शव सड़क किनारे खेत में फेंक दिया गया था।हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मोहल्ला मंगलपुरा निवासी शकील अहमद का बेटा उवैस शनिवार सुबह मुरादाबाद जाने के लिए कहकर गया था। रविवार सुबह उसका शव संभल कोतवाली क्षेत्र में चिमयावली रोड पर सड़क से 500 मीटर दूर खाली खेत में मिला था। सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। सोमवार को मृतक के भाई अजमल ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद से पुलिस हत्या की जांच में जुटी है। युवक के मोबाइल की लोकेशन और सीडीआर निकाली गई है। परिजन किसी भी तरह की रंजिश से इंकार कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस प्रेम-प्रसंग को लेकर भी जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द इस घटना का खुलासा किया जाएगा।