चंदौसी। मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बेटी के पति सहित तीन लोगों पर दहेज मांगने, जान से मारने की नियत से हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चंदौसी के मोहल्ला संगम विहार निवासी राजवीर सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फरवरी 2017 में बदायूं के गांव भगतपुर में अपनी बेटी सुमन की शादी पंकज के साथ की थी। शादी के बाद सुमन ने बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद से ही ससुरालियों ने दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी दहेज में 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। दहेज देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बाद बेटी व दामाद के नाम पर प्लॉट खरीदने के लिए दस लाख रुपये ले लिए। आरोपियों ने धोखाधड़ी कर बेटी सुमन का नाम दाखिल खारिज में शामिल नहीं कराया। आरोपियों ने सुमन को जान से मारने की नियत से चाकू से जानलेवा हमला किया था। वह किसी तरह से बच गई थी।
इसके बाद आरोपियों ने उसे बंगलुरू ले जाकर जाकर बंधक बना लिया। वहां पुलिस की मदद से उसे छुड़वाया। पिछले सात आठ माह से समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं पर आरोपी मानने को तैयार नहीं हैं और अब तलाक देने की धमकी दे रहे हैं।
राजवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बेटी सुमन के पति बदायूं जनपद के थाना इस्लामनगर निवासी पंकज, ससुर लाल सिंह, ननद नीरज के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।