चंदौसी (संभल)। एसएम डिग्री कॉलेज में मंगलवार को एडमिशन फार्म जमा करने के दौरान छात्र व स्टाफ के बीच नोकझोंक के मामले में छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने प्रो. डॉ. अजीत सिंह का मेडिकल कराया है।
मंगलवार को काॅलेज में हुए घटनाक्रम को लेकर कॉलेज के उप मुख्य नियंता डॉ. अजय प्रकाश की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। बताया था कि मंगलवार को डी हॉल में डॉ. अजीत सिंह, शिक्षणेत्तर कर्मचारी शिव शंकर पाठक, अशोक कुमार एडमिशन फार्म जमा कर रहे थे। इस दौरान छात्र विकास उपाध्याय वहां बिना लाइन के पहुंचा और वहां बदतमीजी करते हुए फार्म जमा कराने को दवाब बनाने लगा। आरोप है कि छात्र से लाइन में आकर फार्म जमा कराने को कहा, तो उसने गाली गलौज करते हुए प्रो. डॉ. अजीत सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। कॉलेज से जाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी छात्र विकास उपाध्याय के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वही घायल डॉ. अजीत सिंह का मेडिकल कराया है।
कॉलेज में आरोपी छात्र बिना लाइन के फार्म जमा करने पहुंचा था। अनुशासन का पालन करने पर आरोपी ने स्टाफ के साथ मारपीट की थी। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। -डॉ. एपी सिंह, प्रशासनिक अधिकारी एसएम कॉलेज चंदौसी