चंदौसी। महिला ने दहेज के लिए मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर में आरोप है कि पेट्रोल डालकर भी मारने की कोशिश की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करैली निवासी महिला नीलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 जून 2020 को उसकी शादी गांव करेली निवासी विपिन के साथ हुई थी। सामर्थ के अनुसार दहेज भी दिया था। दहेज से पति व अन्य ससुराल वाले खुश नहीं थे। शादी के कुछ दिन बाद ही बाइक, एक भैंस और 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। मायके से दहेज लाने से मना करने पर आरोपी आग बबूला हो गए और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इस मामले में एक मुकदमा बिसौली न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां दर्ज कराया था। इसके बाद परिवार व रिश्तेेदारों ने मिलकर उनका समझौता करा दिया था।
आरोप है कि ससुराल वालों व उनके एक परिचित ने 12 जून को फिर से उसके साथ मारपीट की और दहेज की मांग की। आरोपियों ने पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। सूचना पर पिता व भाई पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की। अब मुकदमा खत्म हो चुका है। तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति विपिन, ससुर शिशुपाल, सास सावित्री देवी, ननद भूरी, रिश्तेदार लालता प्रसाद निवासी बेहटा जयसिंह के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी व दहेज उत्पीड़न में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।