गांव कैल की मडैय्या में शिक्षकों की पिटाई से आहत कक्षा सात के छात्र दानवीर (14) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने प्रधानाध्यापक, शिक्षक व छात्रा के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शिक्षक व प्रधानाध्यापक भाई है। उधर, परिजनों ने राजघाट पर छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया।
बबराला चौकी क्षेत्र के गांव कैल की मडैय्या निवासी भूरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसका बेटा गांव के ही निजी स्कूल में पढ़ता था। सोमवार को प्रधानाध्यापक धर्मवीर, शिक्षक हेमंत और गांव के ही बलवीर ने स्कूल में उसके बेटे दानवीर की पिटाई की थी। जिससे आहत होकर उसके बेटे ने घर में पहुंचकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं प्रधानाध्यापक ने छात्र की पिटाई करने से इन्कार किया था। उनका कहना है कि दानवीर ने साथ पढ़ने वाली छात्रा के बैग में एक पत्र रख दिया था। इससे नाराज छात्रा के पिता स्कूल में शिकायत करने आए। छात्रा के पिता ने दानवीर को पीटने का प्रयास किया। उन्होंने और शिक्षक ने दानवीर को उनकी पिटाई से बचाकर मां के हवाले कर दिया। बेटे को सौंपने के लिए दानवीर की मां को स्कूल बुलाया था। पुलिस ने प्रधानाध्यापक, शिक्षक व छात्रा के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।