संभल। कोरोना महामारी के दौर में रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन सप्लाई और जरूरी दवाइयों के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपियों की तलाश में गाजियाबाद पुलिस ने दबिश दी। पुलिस दो लोगों को पकड़कर ले गई है। वहीं, मुख्य आरोपी भागने में कामयाब रहा।
शुक्रवार की दोपहर को गाजियाबाद कोतवाली की पुलिस ने हयातनगर के मोहल्ला जर्मन मंदिर के पास दबिश देकर दो सगे भाइयों को पकड़ा। पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे उप निरीक्षक संचित कुमार ने बताया कि इन आरोपियों ने रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन सप्लाई और अन्य जरूरी दवाइयों के नाम पर ऑनलाइन लोगों के साथ ठगी की है। ग्राहकों से रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए थे। इस मामले में गाजियाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश के साथ ही हरियाणा और दिल्ली में भी सक्रिय है। वहीं, ठगी का मुख्य आरोपी फरार है उसकी तलाश की जा रही है। जो लोग पकड़े हैं, उनको गाजियाबाद लेकर जा रहे हैं। वहीं, उनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।