सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती विकास नगर में युवती के साथ रिश्ता तय होने के बाद युवक के परिजनों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर न सिर्फ शादी करने से इन्कार कर दिया, बल्कि मारपीट भी की। इस मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने युवक सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती विकास नगर निवासी हरपाल सिंह का आरोप है कि थाना व ग्राम हजरतनगर गढ़ी निवासी राकेश के बेटे सौरभ के साथ बेटी का रिश्ता तय किया था। उस समय युवक के परिजनों द्वारा दहेज को लेकर कोई बात नहीं की गई थी। मंगलवार को युवक के परिजन और रिश्तेदारों ने बहजोई के एक होटल में गोद भराई की रस्म भी की थी, जिसमें करीब दो लाख रुपये खर्च हुए थे। विदाई के समय युवक के परिजन और रिश्तेदारों को 11-11 सौ रुपये देकर विदाई की गई थी। चार दिन बाद ही युवक के परिजन ने शादी में अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। इसे लेकर बैठकर बातचीत की जा रही थी, इसी दौरान युवक के परिजन मारपीट करने लगे। शोर शराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई।
अब दहेज की मांग पूरी न करने पर युवक के परिजनों ने शादी करने से इन्कार कर दिया है। इसकी शिकायत थाना पुलिस से की गई है, पुलिस ने मामले की जांच की। घटना की तहरीर कोतवाली प्रभारी को देकर रिपोर्ट दर्ज की मांग की गई, लेकिन थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी से शिकायत की गई। इस पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश किए गए।
कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि एसपी के आदेश पर हजरतनगर गढ़ी थाना व गांव निवासी सौरभ, राकेश प्रेमवती और ठाकुरदास के खिलाफ रिपोर्ट तर्ज की गई है।
-