संभल। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर वाजिदपुरम के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तिगरी निवासी बाइक सवार रिकवरी एजेंट अंकुश (24) की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तिगरी निवासी रवि ने बताया कि उनका छोटा भाई अंकुश एक निजी कंपनी में फाइनेंस में रिकवरी एजेंट था। बुधवार शाम चार बजे के करीब वह किस्त के रुपये लेकर सिरसी से लौट रहा था। वाजिदपुरम के पास कार चालक ने पीछे उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल आए। युवक की मौत से भाई रवि, मां कुसुम और पिता छत्रपाल का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि स्विफ्ट को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हादसा करने वाले चालक की तलाश की जा रही है।