बहजोई (संभल)। भाकियू टिकैत की बड़ा मैदान पर हुई महापंचायत में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने 27 मिनट के संबोधन से किसानों में जोश भर दिया। कहा कि संगठन को मजबूत बनाए रखने से ही समस्याओं का समाधान हो सकेगा। उन्होंने किसानों से एक बार फिर से बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की।
रविवार को सुबह नौ बजे से ही बड़ा मैदान पर किसान अपने वाहनों से पहुंचे। देखते देखते बड़ा मैदान किसानों व उनके वाहनों से भर गया। महापंचायत में करीब 150 ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार, पिकअप वाहनों के पहुंचने का अनुमान है। महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता को सुनने के लिए करीब छह हजार से अधिक किसान, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मैदान पर पहुंचे। दोपहर डेढ़ बजे से स्थानीय भाकियू पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए समस्या व समाधान पर बोलते हुए किसानों को बांधे रखा। इस दौरान जिला संभल सहित, मुरादाबाद, अमरोहा, बदायूं से भी पदाधिकारी अपने साथ किसानों के जत्थे लेकर पहुंचे थे। वहीं कुछ पदाधिकारी इटावा, अलीगढ़ सहित अन्य जिलों से भी महापंचायत में पहुंचे थे। महापंचायत को सफल बनाने में मुख्य रूप प्रदेश प्रमुख महासचिव, प्रभारी पश्चिमी उत्तर प्रदेश विजेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव, सत्यवीर सिंह यादव, महेश, दिनेश, मोहर सिंह, देशराज सिंह, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद राज्यपाल सिंह, शिशुपाल सिंह, अमरसिंह राजपूत, नरेश शर्मा, नीरज यादव, चंद्र प्रकाश यादव, रामाशंकर शंखधार, केपी राणा, रनवीर सिंह यादव, नेत्रपाल सिंह, राजू यादव, मनोज चौधरी, सोनू चौधरी, जबरसिंह, रामखिलाड़ी यादव, उदयवीर सिंह, लकी रस्तौगी, फिरोज नवी, वीरेश यादव, मुकेश यादव, मानपाल सिंह रहे।
चांदी का मुकुट व गदा देकर किया सम्मानित
महापंचायत में पहुंचे मुख्य अतिथि चौधरी राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन व प्रदेश प्रमुख महासचिव विजेंद्र सिंह यादव को पदाधिकारियों ने चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रवक्ता को गदा, हुक्का, डॉ.
एक क्विंटल 11 किलो वजन निकला राष्ट्रीय प्रवक्ता का
महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता को वजन मशीन पर तौला गया। उनका एक क्विंटल 11 किलो वजन होने पर जिला प्रमुख सचिव उदयवीर सिंह यादव की ओर से 11 हजार 100 रुपये भेंट किए गए।
महापंचायत में पूरे दिन चला भाकियू टिकैत का भंडारा
भाकियू टिकैत की महापंचायत में सुबह 11 बजे से भंडारा शुरू हो गया था। सुबह से शाम तक चले भंडारे में हजारों किसानों ने आलू गोभी, पूरी, उड़द राजमा, चावल का आनंद लिया। भंडारे में किसानों के साथ साथ आसपास के लोग भी पहुंचे।
मुख्य अतिथि पर ड्रोन से की गई पुष्पवर्षा
महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता के पहुंचने पर भाकियू पदाधिकारियों ने ड्रोन से उनके ऊपर पुष्पवर्षा की। इसके अलावा महापंचायत व आसपास की रिकॉर्डिंग ड्रोन कैमरे से की गई।
महापंचायत की समाप्ति पर बनी जाम की स्थिति
बड़ा मैदान पर हुई भाकियू टिकैत की महापंचायत शाम करीब चार बजे समाप्त हो गई। मुख्य अतिथि के जाने के बाद किसान अपने वाहनों से घर की ओर लौटने लगे। इस दौरान संभल, बबराला, चंदौसी की ओर हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय पुलिस व यातायात पुलिस की मदद से किसानों की ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहनों को निकाला गया। तब कही जाकर हाईवे पर दोनों तरफ से अन्य वाहनों की आवाजावाही शुरू हो सकी। संवाद
सुबह से ही भारी पुलिस बल रहा तैनात
महापंचायत के मद्देनजर सुबह से ही पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी थी। मंच से लेकर मैदान, सड़क, तीनों ओर हाईवे पर पुलिस व यातायात पुलिस तैनात रही। सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार व प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ निगरानी बनाए रहे। दमकल, एंबुलेंस व महिला पुलिस भी तैनात रही।