संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए राजमिस्त्री विनोद (45) निवासी पोटा की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव पोटा के निवासी विनोद राजमिस्त्री थे। रविवार को वह गांव निवासी अशोक के साथ सिरसी के मोहल्ला शर्की में रेलवे स्टेशन के निकट मंदिर के सामने अमानत के मकान पर दूसरी मंजिल के कमरे में प्लास्टर कर रहे थे। अशोक ने बताया कि दोपहर एक बजे के करीब खाना खाने के बाद विनोद छत के ऊपर टहलने चले गए, जबकि वह नीचे आ गए। इसी दौरान छत के ऊपर से तेज धमाके की आवाज आई तो वहां मौजूद लोगों ने छत के ऊपर जाकर देखा। इस पर विनोद छत के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलसे दिखाई दिए। वे जमीन पर पड़े थे। उनकी मौत हो गई। इस जानकारी पर गांव के तमाम लोग सिरसी पहुंच गए। पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। विनोद की मौत से पत्नी जयवती और दो बेटियां सुमन व सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी बेटियों के साथ मुरादाबाद रह रही है।