संभल। जिला मुख्यालय संघर्ष समिति ने रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचकर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। संभल में रोडवेज स्थायी रोडवेज बस अड्डा बनाए जाने की मांग उठाई। कहा गया कि लंबे समय से किराए के जर्जर भवन में रोडवेज बस अड्डा संचालित हो रहा है, इसे हटवाते हुए स्थाई बस अड्डा बनाया जाए।
डाॅ. नाजिम ने कहा कि पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहर में रोडवेज बस अड्डा न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मांग उठाई गई पर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। दिन में चंदौसी और बहजोई को जाने के लिए रोडवेज बस नहीं है। जिला बने एक दशक से अधिक समय बीत गया है पर बस अड्डा अपने हालात पर आंसू बहा रहा है। जल्द ही संभल में रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराए जाने की मांग की गई है। जिससे आम आदमी के साथ ही कारोबारियों को राहत मिल सके। इस दौरान नवाब साद आदिल, रविराज चाहल, सफदर अली, हाजी एहसान, मोहसिन अली, मुरारीलाल यादव आदि मौजूद रहे।