सरायतरीन। गांव किसौली में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। आपूर्ति दिए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस का ओवरब्रिज बनाने के लिए 15 सितंबर को हाईटेंशन लाइन काट दी गई थी। करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। लगातार विद्युत विभाग के द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने वायदा खिलाफी की और विद्युत लाइन नहीं जोड़ी गई है। ऐसे में किसानों की आलू, गेहूं और पशुओं के हरे चारे के लिए बुवाई नहीं हो रही है। इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी, सीडीएस कंपनी के प्रबंधक, उप जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों से की गई पर समाधान नहीं हो सका। अगले दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गंगा एक्सप्रेस पर ही धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान वीरपाल सिंह, भूदेव, छोटे सिंह, सूरजपाल, जयप्रकाश, मुकेश कुमार, यादराम सिंह, हरी बाबू, राकेश कुमार, रनवीर सिंह, चरन सिंह, रामसेवक आदि रहे।