सरायतरीन (संभल)। क्षेत्र के गांव आढ़ोल में बारिश से हुए जलभराव से छह दिन से लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार को एसडीएम विनय कुमार मिश्र राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे और जेसीबी से खोदाई कराकर बारिश के पानी की निकासी कराई।
सप्ताहभर से हो रही बारिश की वजह से गांव आढ़ोल में जलभराव हो गया था। घरों तक में बारिश का पानी भरने से ग्रामीण परेशान थे। बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की थी। बृहस्पतिवार को एसडीएम विनय कुमार मिश्र राजस्व टीम और जेसीबी के साथ गांव पहुंचे। टीम ने खोदाई शुरू की तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि हम अपने खेतों की ओर जल निकासी नहीं करने देंगे। लेकिन टीम ने सख्ती दिखाई तो ग्रामीण शांत हो गए। जिसके बाद टीम ने जेसीबी से खुदाई कर पानी निकाला। इसके बाद मध्य गंगा नहर की बंद पुलिया को जेसीबी से खुलवाया गया।
गौहत गांव में पंपिंग सेट लगाकर निकाला जा रहा पानी
सौंधन। गांव गौहत में हुए जलभराव को निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाए गए हैं। इससे मुख्य मार्गों का पानी निकालना शुरू किया गया है। पहले जेसीबी से खोदाई कराकर नाले के रास्ते और अब पंपिंग सेट लगाकर पानी की निकासी कराई तो लोगों ने राहत की सांस ली है। उम्मीद है कि जल्द ही जल की निकासी पूरी तरह हो जाएगी और जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। संवाद