बनियाठेर। थाना क्षेत्र के गांव अकरौली के मजरा गोपालपुर में रविवार तड़के भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। मलबे में दबकर 70 वर्षीय सोमवती देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे हुआ, जब लगातार बारिश से मकान की दीवार में पानी भर गया और वह गिर गई। गाटर-पटिया की छत भी भरभराकर नीचे आ गिरी। मृतका सोमवती पत्नी इतवारी जाटव मूल रूप से थाना कुंदरकी के गांव बाछेल की रहने वाली थीं। उनकी कोई संतान नहीं थी।
पति की मृत्यु के बाद वह करीब 20 साल पहले अपने भतीजे किशनपाल के पास गोपालपुर आकर रहने लगी थीं। परिजन जयशंकर ने बताया कि रात में सभी लोग मकान के सामने भैंसों के बाड़े में सो रहे थे। सोमवती पुराने मकान के बरामदे में अकेली सो रही थीं।
हादसे में सोमवती की मौत के साथ लाखों रुपये का घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। संदूक, चारपाई, कुठिया, अलमारी और टीवी मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर रविवार सुबह 11 बजे एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी और थाना बनियाठेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
कच्ची छत थी जो अधिक बारिश होने पर गिर गई। मलबे में दब कर 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। करीब चार लाख रुपये की सरकारी आर्थिक मदद मिल सकती है। - आशुतोष तिवारी, एसडीएम चंदौसी।