चंदौसी में मंगलवार को ईओ आवास के सामने जलभराव।
- फोटो : CHANDAUSI
संभल/चंदौसी। पिछले कई दिनों से कभी रिमझिम, तो कभी झमाझम बारिश से होने से धान की फसल को काफी फायदा हुआ है। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए बहुत फायदेमंद है। इससे फसलों में लगने वाले रोगों से भी निजात मिलेगी।
मंगलवार को काली घटा के साथ घनघोर बादल छा गए। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया। एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। जिससे किसानों के खेत पानी से भर गए। पानी बरसने से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए सोना साबित होगी। कीट रोग के प्रकोपों से निजात मिलेगी। यह बारिश धान की फसल के लिए लाभदायक है।
बारिश होने से धान की फसल में लगने वाला रोग झुलसा, पत्तियों का पीला होना जैसी बीमारियों से निजात मिल जाएगी। क्षेत्र के किसान अरविंद सिंह, महेंद्र पाल आदि ने कहा कि बारिश से फसलों को फायदा तो हुआ ही है साथ ही इससे फसल के उत्पादन पर असर पड़ेगा। धान की फसल का उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
शहर की सड़कें हुईं जलमग्न, लोगों को निकलने में हुई परेशानी
झमाझम बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। शंकर चौराहा से जिला अस्पताल के सामने पानी भर गया। सड़क पानी से लबालब भर गई। यशोदा मार्केट में पानी भर गया। जिला अस्पताल भी अछूता नहीं रहा। अस्पताल के परिसर में चारों ओर पानी भरने से लोगों को आने जाने में दिक्कत हुई। कुछ ने पानी में भीगकर बारिश का आनंद लिया।