बबराला। ड्यूटी करके घर लौट रहे रेलकर्मी प्रेम कुमार (34) को नूरपुर तिराहे पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रेलकर्मी की मौत हो गई। रेलकर्मी ड्यूटी के घर लौट रहा था, तभी मुरादाबाद रोड पर हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रजपुरा थाने के गांव पाठकपुर गांव निवासी प्रेम कुमार रेलवे में ऑपरेटिंग गेटमैन के पद पर बबराला स्थित रेल फाटक पर तैनात था। बुधवार की रात 10 बजे प्रेम ड्यूटी खत्म होने के बाद स्कूटी से अपने गांव पाठकपुर लौट रहा था। आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर नूरपुर तिराहे के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से प्रेम को गुन्नौर सीएचसी में भिजवाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पीएम कराने के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रेम की मौत से परिवार वालों में चीख पुकार मची है। उसके तीन बच्चे हैं। जिनमें दो बेटियां और एक 11 वर्षीय बेटा बॉबी है।