संभल। ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्किधाम को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए फोरलेन सड़क बनेगी। इस दबोई गांव में सड़क पर कुछ अवैध कब्जे मिले हैं। राजस्व प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, 47 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने निर्माण कर अवैध कब्जे किए हैं। कब्जों को हटवाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने कार्रवाई शुरू की है।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुनील प्रकाश ने बताया कि राजस्व प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर नोटिस तैयार कराए गए थे, जो संबंधित को जारी कर दिए गए हैं। नोटिस के माध्यम से अवैध कब्जाधारकों को बताया गया कि वे निर्धारित समय में अपने-अपने निर्माण हटा लें। खुद हटा लेंगे तो कार्रवाई से बच जाएंगे। यदि नहीं हटाएंगे तो कानूनी कार्रवाई की जद में भी आएंगे। साथ ही, बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटवाया जाएगा। बताया कि चौड़ीकरण योजना महत्वपूर्ण है। इसमें जल्द काम होगा। इसलिए लोगों से आग्रह है कि वे खुद ही कब्जा हटा लें।