संभल। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने अर्धनग्न अवस्था में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। यह विरोध प्रदर्शन चार दिन से चल रहा है। प्रशासन और शासन से किसान अपनी कई मांगों के समाधान के लिए अड़े पड़े हैं। शनिवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय पर चल रहे धरने के पांचवे दिन राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष- 2011 से 2021 तक बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान मय ब्याज के कराया जाए। गन्ने की लागत का डेढ़ गुना मूल्य निर्धारित किया जाए। किसान सम्मान निधि शत-प्रतिशत दिलाई जाए। अघोषित विद्युत कटौती बंद हो और बिजली घरों पर तैनात संविदा व निजी लाइनमैनों के शोषण से निजात दिलाई जाए। प्रदर्शनकारियों ने समाधान के लिए 12 जुलाई तक का समय प्रशासन को दिया है। इस दौरान करतार सिंह, कुलदीप चौधरी, बाबू सिंह, रिषभ, मनवीर सिंह, नफीस और नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।