बहजोई स्थित कलक्ट्रेट पर मासूम अनस की मां को समझाते बहजोई के प्रभारी निरीक्षक।
- फोटो : SAMBHAL
बहजोई/चंदौसी। पुलिस पर कार्रवाई न करने और दो सिपाहियों पर आरोपियों से मिले होने का आरोप लगाते हुए मासूम अनस के परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। इंसाफ दिए जाने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों ने धरने का संज्ञान लिया। मौके पर जाकर ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया तब वे अपने गांव को लौटे। करीब एक घंटे तक धरना चला। इसी दौरान सीओ गुन्नौर और बहजोई कोतवाली के प्रभारी ने वार्ता कर दोषियों को पकड़े जाने के लिए टीम गठित होने की जानकारी दी।
संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर कुदैया निवासी कलीम का बेटा अनस (5) अपने घर से गांव की एक परचूनी दुकान से टॉफी-बिस्कुट लेने के लिए निकला था। इस दौरान वह लापता हो गया। इसके बाद उसकी लाश गुरुवार को गांव के ही तालाब से बरामद की गई थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें शुरू से मासूम की हत्या का अंदेशा था लेकिन थाना पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी दर्ज की।
तलाश नहीं कराई। दो सिपाहियों पर आरोपियों से मिलने होने का आरोप भी लगाया। यह भी कहा गया कि अगर परिजनों के कहने पर पुलिस हर घर की तलाशी लेती तो हो सकता है कि मासूम की हत्या न होती और वह जीवित मिल जाता। यह आरोप लगाते हुए अनस के परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे गांव से बहजोई के लिए कूच कर दिया। शाम तीन बजे तक बहजोई स्थित बड़ा फील्ड पहुंचे और महिलाओं समेत कलक्ट्रेट में प्रवेश कर गए। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही बहजोई के थाना प्रभारी पहुंचे।
इसके बाद सीओ गुन्नौर डा. केके सरोज पहुंच गए। दोनों ने ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता की और उन्हें समझाया। साथ ही दोषियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया। इस पर धरना दे रही भीड़ ट्रैक्टरों पर सवार होकर वापस गांव के लिए चली। सीओ गुन्नौर और बहजोई के प्रभारी निरीक्षक बहजोई से ग्रामीणों के संग ही गांव आलमपुर कुदैया पहुंचे। वहां पर आक्रोशित परिजनों ने तीन नाम लिए और उन्हें गिरफ्तार किए जाने की मांग की। साथ ही कहा कि एसपी को मौके पर बुलाया जाए। सीओ ने इस पर ग्रामीणों से कहा कि एसपी संभल में हैं। वे कार्रवाई कराएंगे। लेकिन ग्रामीण एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अडिग हो गए और शाम साढ़े छह बजे तक मासूम को सुपुर्द ए खाक नहीं किया।