संभल। गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को एक बार फिर से धार देने की तैयारी की गई है। पश्चिमी यूपी में मजबूत पकड़ रखने वाली भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक (असली) ने दस जिलों में जनसंपर्क कर गाजीपुर बॉर्डर कूच करने का आह्वान किया है। जिस पर बड़ी संख्या में किसान कूच करेंगे। इसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
भाकियू अराजनैतिक(असली) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य चौधरी हरपाल सिंह ने बताया कि लॉकडाउन खत्म हो गया है, तो अब किसान आंदोलन को धार दी जाएगी। 21 जून को पश्चिमी यूपी के संभल, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, हापुड़ समेत गाजीपुर, हाथरस, बुलंदशहर से बड़ी संख्या में किसान गाजीपुर बॉर्डर के लिए कूच करेंगे।
किसान आरपार की लड़ाई लड़ेगा। जब तक तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाएगा तब तक आंदोलन चलता रहेगा। संभल जिले से 30-35 गाड़ियों से किसान जाएंगे। जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव ने कहा कि तैयारी पूरी है। सभी को आगाह किया गया है कि यदि प्रशासन कहीं रोके तो वहीं धरना दें।