संभल/चंदौसी/धनारी। कृषि कानूनों के विरोध में जिले में तीन स्थानों पर किसान सड़कों पर उतर आए। नारेबाजी करते हुए जाम लगाया। तीनों स्थानों पर आधा-आधा घंटे तक जाम रहा। लेकिन सुबह से ही किसान एकत्र हो रहे थे और आंदोलन को लेकर सक्रियता थी। इसलिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जाम खुलवाने और किसानों को समझाने में शाम तीन बजे तक व्यस्त रहे।
संभल-गवां मार्ग पर नारंगपुर में भाकियू असली के आह्वान पर किसान सड़क पर उतर आए। दोपहर एक बजे से 1.30 तक जाम लगाया। वाहनों की एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। संभल के एसडीएम और सीओ ने ज्ञापन लेकर किसानों का जाम खुलवाया। सड़क पर ही किसानों की पंचायत हुई जिसमें भाकियू जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने कृषि कानूनों के विरोध में आवाज बुलंद की। जयवीर सिंह, सुलेमान, अनीस अहमद, ओमवीर सिंह, अब्दुल हसन आदि मौजूद रहे।
मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर धनारी थाने के पास किसानों ने दोपहर 12.30 से करीब एक बजे तक आधा घंटे जाम लगाया। गुन्नौर के एसडीएम को ज्ञापन देकर किसान सड़क से हटे। पवांसा-दिलगौरा मार्ग पर किरारी गांव में 12.45 बजे से 1.30 बजे तक किसान सड़क पर रहे। धरना देकर प्रदर्शन किया। पवांसा के चौकी इंचार्ज ने आंदोलनकारियों से वार्ता की और जाम खुलवाया।