संभल मंडी समिति में धान की खरीद नहीं होने पर क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते किस
- फोटो : SAMBHAL
संभल। संभल मंडी समिति में लगे आरएफसी के क्रय केंद्र पर तौल नहीं होने से किसानों में रोष है। किसानों ने क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्रवाई की मांग की। किसानों का आरोप है कि तीन दिन से इंतजार कर रहे हैं और क्रय केंद्र समय से पहले बंद कर दिया गया और तौल नहीं की।
सर्दी के मौसम में किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। सोमवार को कई गांवों के किसान अपने धान लेकर संभल मंडी समिति स्थित आरएफसी क्रय केंद्र पहुंचे। इसमें कुछ किसान ऐसे भी थे जो पिछले तीन दिनों से धान की तौल कराने के इंतजार में थे। लेकिन क्रय केंद्र सुबह साढ़े ग्यारह बजे खुला और शाम चार बजे तक बंद हो गया। जिन किसानों की तौल होने का दिन था उनकी तौल नहीं हो सकी। इससे किसानों में रोष पनप गया। किसानों ने क्रय केंद्र प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
संभल के गांव नंदनपुर निवासी सोमवीर ने बताया कि सोमवार को 13 क्विंटल धान की तौल होने की तिथि मिली थी। लेकिन क्रय केंद्र प्रभारी ने की ही नहीं। ऐसे ही बंद करा कर चले गए। जबकि तौल के इंतजार में पिछले तीन दिन से मंडी में ही रह रहे हैं। गांव ततारपुर निवासी भारत सिंह ने बताया कि पहले तौल कराने की तिथि 11 दिसंबर मिली थी। इसके बाद अब 14 दिसंबर तिथि मिली इसके बाद भी 30 क्विंटल धान की तौल नहीं हो सकी। बताया कि ऐसे कई किसान हैं जिनकी तौल की तिथि निकल गई और सोमवार को भी थी लेकिन उनकी भी कोई तौल नहीं की गई। इसी क्रम में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बंटी कुमार, ब्रह्म सिंह, रमजानी, सोमवीर, बालकराम, राजेश आदि किसान मौजूद रहे।