चंदौसी के फव्वारा चौक पर ऑन लाइन ट्रेडिंग का पुतला फूंकते व्यापारी।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय आह्वान पर बुलाए गए भारत बंद का चंदौसी में मिला जुला असर देखने को मिला। व्यापारी नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने बाजार में घूम घूम पर बाजार को बंद कराया। रविवार को साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोली। व्यापारियों ने बाइक रैली निकालकर ऑन लाइन ट्रेडिंग का पुतला फूंका।
भारत बंद के आह्वान पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रेम ग्रोवर की अगुवाई में व्यापारी नेताओं ने सुबह आठ बजे से ही बाजार को पूर्णत: बंद कराने का प्रयास किया। सुबह बाइक रैली निकाली जो घंटाघर से शुरू होकर परसट्टा बाजार, ब्रह्म बाजार, कैथल गेट, बिसौली गेट, सुपर मार्केट होकर फव्वारा चौक पर पहुंची। यहां पर व्यापारियों ने ऑन लाइन ट्रेडिंग का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन करते हुए ऑन लाइन ट्रेडिंग को बंद करने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऑन लाइन ट्रेडिंग से फुटकर व खुदरा व्यापार खत्म हो रहा है।
देश में पांच करोड़ फुटकर व्यवसायियों के सामने रोजी रोटी की समस्या पैदा हो जाएगी। महामंत्री प्रभात कृष्णा ने कहा कि इससे देश फिर गुलामी की ओर बढ़ रहा है, इसे रोका जाना आवश्यक है।
लोगों का आह्वान किया कि वह ऑन लाइन खरीदारी न करें। इस दौरान कई दुकानों को बंद करा दिया गया लेकिन व्यापारी नेताओं के जाते ही कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानों को फिर से खोल लिया। फिलहाल बंद का मिला जुला असर देखने को मिला।