भीषण गर्मी में बिजली कटौती से बिलबिलाए लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को मियासराय के लोगों ने कैबिनेट मंत्री और नगर पालिकाध्यक्ष के घर की ओर जा रहे मुख्य रास्ते पर यातायात ठप कर दिया। नारेबाजी करते हुए लोगों ने ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। करीब एक घंटे तक मार्ग जाम रखा। बिजली विभाग से आश्वासन मिलने पर लोग सड़क से हटे।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद और पालिकाध्यक्ष कौसर अहमद संभल के मियासराय मोहल्ले में रहते हैं। उनके मोहल्ले में लगा 500 केवीए का ट्रांसफार्मर शुक्रवार को शाम फुंक गया। वैसे भी बिजली कटौती बढ़ गई है। ट्रिपिंग हो रही है जिससे लोगों में गुस्सा है। वहीं ट्रांसफार्मर बदलने में बिजली विभाग ने देरी की तो लोगों का आक्रोश भड़क गया। इस मामले में कुछ लोगों ने कैबिनेट मंत्री के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जिले के सौंधन, सिरसी और पंवासा में ट्रिपिंग ज्यादा है। टांटा कोठी बिजलीघर से जुड़े ओबरी समेत 80 गांवों में बिजली संकट है। एक ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद 24 घंटे में बमुश्किल चार घंटे आपूर्ति मिल रही है। सरायतरीन के बारादरी का ट्रांसफार्मर शुक्रवार को रात्रि फुंक गया। इससे शनिवार को बाजार में व्यापारी पसीना बहाते रहे। आसपास की आबादी भी परेशान हुई। देर शाम एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि रविवार को सुबह तक मिया सराय और सरायतरीन की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
चिमियावली गांव वालों ने मांगी शहर की बिजली
संभल। चिमियावली गांव के लोगों ने शहर की तरह 16 घंटे बिजली आपूर्ति मांगी है। उन्होंने अपनी मांग पूरी कराने के लिए फिरोजपुर गांव के निकट बन रहे नए सब स्टेशन की लाइन पर काम रोक दिया है। बीस दिन से काम बंद है। बिजली विभाग के एसडीओ अरुण कुमार ने कहा कि लोगों को समझा बुझाकर जल्दी ही लाइन पर काम चालू कराएंगे।
निगरानी करेंगे सपा कार्यकर्ता
संभल। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता रविवार से बिजलीघरों पर निगरानी करेंगे। जानकारी लेंगे कि शेड्यूल के मुताबिक बिजली मिल रही है या नहीं? इस बारे में यदि अधिकारी लापरवाही करते हैं तो मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री की ओर से जिला योजना समिति के नामित सदस्य डा. चमन ने कहा कि बिजली की हालत ठीक नही है। इस विषय में पार्टी नेतृत्व व मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे। सुधार तत्काल जरूरी है।