चंदौसी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंच ने नगर की टूटी हुई सड़कों के विरोध में पालिका कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। पालिका पर लापरवाही व हठधर्मिता के कारण आमजन परेशान हैं, टूटी सड़कों से आए दिन हादसों का सामना करना पड़ता है।
मंच के पदाधिकारी रविवार की दोपहर पालिका कार्यालय में एकत्र हुए और पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। जल निगम के ठेकेदार और जल निगम अपनी मनमानी पर उतारू है। सड़कें टूटी होने के कारण आए दिन नगर में हादसे होते रहते हैं। नगरपालिका का इस ओर ध्यान नहीं है, कई बार शिकायत की जा चुकी है। इससे व्यापारियों में भारी रोष व्यक्त है।
व्यापारी मांग करते हैं कि जल निगम के ठेकेदार का ठेका निरस्त करके किसी और को दिया जाए एवं इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही नगर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए, जिससे नगर वासियों को जाम से न जूझना पड़े। चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो व्यापार मंडल जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सागर गुप्ता, मंतेश वार्ष्णेय, बब्बू जानी, सौरभ अग्रवाल, सेठ अंकुर शर्मा, अक्षत गुप्ता, वरुण गुप्ता, आकाश शर्मा, हिमांशु गुप्ता आदि रहे।