चंदौसी (संभल)। पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस बनाने के लिए विभाग ने एस्टीमेट बनाकर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा है। विभाग ने हाईवे किनारे चंदौसी के गांव आटा के पास जमीन भी चिह्नित की है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही जिले को पीडब्ल्यूडी का गेस्ट हाउस तैयार हो जाएगा।
संभल को जिला बने हुए 12 साल हो गए हैं, पर अभी तक अधिकारियों के रुकने के लिए सरकारी गेस्ट हाउस नहीं है। वीआईपी या बड़े अधिकारी के आने पर प्राइवेट कंपनी के गेस्ट हाउस या होटल में ही व्यवस्था की जाती है। पीडब्ल्यूडी का कार्यालय भी संभल नगर में काफी समय से है, लेकिन वीआईपी स्तर के सरकारी गेस्ट हाउस की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं है। प्रशासन के सहयोग से पीडब्ल्यूडी ने चंदौसी तहसील के गांव आटा में हाईवे के किनारे जमीन देखी है। पहले विभाग ने यहां पर दो शूट यानी छोटे गेस्ट हाउस का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा था। आपत्ति आने पर विभाग ने दोबारा से बड़े यानी चार शूट के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार किया। इसके निर्माण में करीब 2.76 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान है। प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। वहां से स्वीकृति मिलनी शेष है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
जिले में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। जमीन चिह्नित कर ली गई है। स्वीकृति मिलते ही इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -सुनील प्रकाश, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी संभल