सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र में 21 फरवरी 2022 को महिला समेत दो लोगों ने मिलकर मजदूर को नगर पालिका की जमीन बेच दी और उससे धोखाधड़ी कर 6.28 लाख रुपये की ले ली। इस मामले में एसपी के आदेश पर एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव साकिन शोभापुर मुंजब्ता निवासी पुष्पेंद्र की ओर से एसपी को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि गांव आनंदपुर के प्रॉपर्टी डीलर और एक महिला से मिलकर बहजोई में नगर पालिका की भूमि का सौ गज के प्लॉट का 21 फरवरी 2022 को 6.28 लाख रुपये लेकर बैनामा कराया दिया था। इसके बाद प्लॉट की चारदीवारी कर मिट्टी का भराव कर दिया गया। दो वर्ष तक असलियत सामने नहीं आई। इसके बाद नगर पालिका परिषद द्वारा ओवर टैंक निर्माण के लिए भूमि को चिह्नित किया और तहसील प्रशासन द्वारा फर्द निकलवाई गई तो असलियत सामने आई। तहसील प्रशासन ने सौ गज के प्लॉट को अपने कब्जे में ले लिया। जिसके बाद प्रॉपर्टी डीलर से शिकायत की गई। कई बार बातचीत कर 6.28 लाख रुपये वापस करने को कहा गया, लेकिन डीलर द्वारा पैसे वापस नहीं किए गए। मामले की शिकायत कई बार थाना पुलिस से भी की गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दो वर्ष तक कार्रवाई के लिए इधर-उधर भटकते रहे। मजबूर होकर मामले की शिकायत एसपी से की गई। एसपी के आदेश पर अब थाना पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि एसपी के आदेश पर धोखाधड़ी के मामले में थाना क्षेत्र के गांव आनंदपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर राहील हुसैन और हयातनगर थाना क्षेत्र के कस्बा हयातनगर निवासी मधुबाला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।