संभल। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित निजी विद्यालय के शिक्षक ने कक्षा पांच के छात्र को सोमवार को थप्पड़ मार दिया था। छात्र के परिजनों ने थप्पड़ मारने और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। इस मामले की गांव में पंचायत हुई। जिसमें शिक्षक ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
शिक्षक के माफी मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छात्र के पिता ने बताया कि उनके बेटे को शिक्षक ने थप्पड़ मार दिया था। जिसमें मंगलवार को शिक्षक ने गलती मान ली। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं अनुसूचित जाति के बच्चे को थप्पड़ मारने की सूचना पर भीम आर्मी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी पहुंच गए थे। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शिक्षक ने गलती मान ली है। इसलिए आपसी सहमति से समझौता हो गया है। वहीं दूसरी ओर असमोली थाना प्रभारी ने बताया कि निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा किसी बच्चे को थप्पड़ मारने की जानकारी मिली थी। शिक्षक और छात्र के परिजनों में समझौता हो गया है। तहरीर कोई मिली नहीं है।