पवांसा में शिवकुमार की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव ठाठी में बिजली के मीटर का तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े निजी लाइनमैन को करंट लग गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और खंभे से नीचे गिर गया। विद्युतकर्मी की मौके पर मौत हो गई। परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने एसएसओ (सब स्टेशन ऑफिसर) के खिलाफ तहरीर दी गई है।
क्षेत्र के गांव ठाठी निवासी शिवकुमार (28) निजी लाइनमैन है। सोमवार को वह सुबह नौ बजे अपने गांव के ही संविदा कर्मी लाइनमैन हरवीर के साथ पड़ोस के ही एक व्यक्ति के घर बिजली का मीटर लगाने के लिए गया था। घर पर मीटर लगाने के बाद वह खंभे पर मीटर की लाइन के तार जोड़ने के लिए चढ़ा। खंभे पर चढ़ने से पहले एसएसओ से शटडाउन ले लिया था। जैसे ही वह खंभे पर तार जोड़ रहा था तो करंट लग गया। हादसे एक हाथ पूरी तरह झुलस गया। करंट लगने के बाद लाइनमैन खंभे से जमीन पर आ गिरा।
कुछ देर बाद ही मौके पर ही उसकी मौत हो गई। संविदाकर्मी ने परिजनों को सूचना दी। परिजन पहुंचे और शव को लेकर घर पहुंचे। लाइनमैन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर कैलादेवी चौकी के प्रभारी संजय तोमर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अंजू भदौरिया का कहना है कि इस मामले में मृतक के पिता राकेश कुमार की ओर से दी गई तहरीर पर एसएसओ महेश और जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।