पीएम मोदी से मुलाकात करते कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम
- फोटो : सोशल मीडिया
श्री कल्कि धाम के शिलान्यास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ सकते हैं। जिसको लेकर पुलिस व जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीश्चंद्र श्री कल्कि धाम पहुंचे, जहां 19 फरवरी को शिलान्यास होना है।
बृहस्पतिवार को श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर शिलान्यास का निमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में आने का आग्रह किया था। निमंत्रण पत्र को स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स से निमंत्रण पत्र मिलने पर आभार जताया था।
इससे संभावना है कि प्रधानमंत्री शिलान्यास में शामिल हो सकते हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि ऐंचोड़ा कंबोह में बनने वाला श्री कल्कि धाम विश्व का पहला मंदिर होगा जहां भगवान विष्णु के दस अवतार के गर्भगृह होंगे। इसका पुराणों में उल्लेख है कि भगवान कल्कि का अंतिम अवतार संभल में अवतरित होगा।
बताया कि श्री कल्कि धाम के निर्माण का सपना 18 वर्ष पहले देखा था जो अब साकार होने जा रहा है। शिलान्यास में देशभर के दस हजार से ज्यादा साधू-संत शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख भी आएंगे। निमंत्रण पत्र लगातार दिए जा रहे हैं।
श्री कल्कि धाम का शिलान्यास होना है। वहां व्यवस्थाओं की जानकारी करने के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग आएंगे। इसी को लेकर जानकारी की गई है।
- कुलदीप सिंह गुनावत, पुलिस अधीक्षक संभल।