जगह का निरीक्षण का लाैटती शासन की टीम।
- फोटो : जगह का निरीक्षण का लाैटती शासन की टीम।
संभल। पुलिस का जिला मुख्यालय संभल नगर के आसपास बनाए जाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए शासन ने उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित की है। सोमवार की शाम शासन से आई तीन सदस्यीय टीम ने हयातनगर थाना क्षेत्र के कमालपुर सराय और संभल कोतवाली क्षेत्र के लाडम सराय में कई सरकारी और निजी जमीनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई से भी बिंदुवार जानकारी हासिल की। टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर शासन को देगी। उसके बाद पुलिस का जिला मुख्यालय बनाने पर निर्णय होगा।
संभल जिला वर्ष 2011 में सृजित हुआ था। पुलिस और प्रशासन के कार्यालय अभी अस्थायी तौर पर संचालित हैं। डीएम और एसपी का कार्यालय भी बहजोई ब्लॉक परिसर में स्थित है। स्थायी मुख्यालय बनाए जाने के लिए प्रक्रिया भी बहजोई में शुरू हो चुकी है। विकास भवन, पुलिस लाइन और अन्य कार्यालय के लिए जमीन चिह्नित हो चुकी है।
संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हुए बवाल के बाद शासन-प्रशासन चेत गया है। इसलिए ही अब पुलिस का जिला मुख्यालय संभल में बनाए जाने पर जोर दिया जा रहा है। जिससे एसपी कार्यालय व पर्याप्त फोर्स संभल में ही रहे। इससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इसी क्रम में शासन से उच्च अधिकारियों की टीम निरीक्षण करने के लिए पहुंची है। इस टीम ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के अलावा किसी को नजदीक नहीं आने दिया।
0000000000000
अधिकारियों ने नहीं की पुष्टि
बहजोई में जिला मुख्यालय की जमीन क्रय कर भवन निर्माण की तैयार चल रही है। अब ऐसे में चर्चा है कि पुलिस के जिला मुख्यालय के साथ ही जिला मुख्यालय भी संभल में स्थानांतरित किया जाना है। हालांकि इसको लेकर अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है। लेकिन चर्चा आम लोगों के साथ खास लोगों के बीच है। सोशल मीडिया पर भी चर्चा को लेकर पोस्ट आए दिन सामने आती रहती हैं। जिला मुख्यालय संभल में बनाया जाएगा तो विकास भवन समेत सभी महत्वपूर्ण कार्यालय संभल स्थानांतरित किए जाने तय हैं।