संभल। श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम का भाजपाई होना लगभग तय हो गया है। अब सिर्फ औपचारिक घोषणा होना बाकी है। उन्होंने दो दिन पहले दिए अपने बयान में भी यह कहा था कि वह आजीवन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े रहेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान तमाम भाजपाई पहुंचे। सूत्राें का कहना है कि आचार्य प्रमोद कृष्णम शिलान्यास के दिन भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
आचार्य से जब भाजपा में शामिल होने पर बात की तो उन्होंने कहा कि सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने आए थे। उनसे राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। फिलहाल शिलान्यास पर ध्यान लगा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिलान्यास के लिए आ रहे हैं। आगे कहा कि शिलान्यास के बाद तय होगा कि कहां जाना है। वैसे तो भगवान जहां चाहेंगे वहां जाएंगे। आगे कहा कि सियासत संभावनों का खेल है। इसमें कभी भी कुछ भी हो सकता है। आचार्य ने सीधे तौर पर तो भाजपा में शामिल होने की बात नहीं की है लेकिन इतना स्पष्ट किया है कि वह शिलान्यास के बाद राजनीतिक नई पारी की शुरूआत करेंगे।