चंदौसी/संभल। कोरोना से पैदा हुई चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारी आगे बढ़ती जा रही है। संभल जिले में अब दो केंद्रों को कोरोना की जांच के लिए तैयार कर लिया गया है। जिला अस्पताल और कैला देवी सामुदायिक स्वासथ्य केंद्र में कोरोना आशंकित की जांच शुरू हो चुकी है। हकीम रईस यूनानी मेडिकल कालेज में भी जांच का इंतजाम कराया जा रहा है। जांच के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ कोरोना से निपटने के लिए जरूरी सामग्री और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति शुरू हो गई है। सीएमओ डा. अमिता सिंह ने बताया कि 400 पीपीई किट और 400 एन-95 मास्क जिले को मिल गए हैं। सैनिटाइजर और ब्लीचिंग की कमी को पहले ही दूर किया जा चुका है। जल्दी ही और सामग्री तथा चिकित्सा उपकरण आएंगे।