संभल। नगर के चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण में बाधा विद्युत ट्रांसफार्मर व लाइन को शिफ्ट करने का काम आज होगा। सुबह 6:30 बजे से काम शुरू होगा, जो दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। इस अवधि में छह घंटे आपूर्ति बंद रहेगी। एक्सईएन रघुनाथ तित्तल ने इस अवधि में लोगों से संयम बरतते हुए सहयोग की उम्मीद जताई है।
दरअसल, नगर के चंदौसी चौराहे का सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण किया जाना है। एक साल पहले इसके लिए अतिक्रमण को ध्वस्त कराया गया। लेकिन इसके बाद बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर और खंभे शिफ्ट न होने से कार्य रुका रहा। एक्सईएन रघुनाथ तित्तल ने बताया कि शिफ्टिंग कार्य सुबह 6:30 बजे शुरू कराया जाएगा, जो दोपहर 12:30 बजे तक होगा। इस अवधि में विद्युत उपकेंद्र संभल टाउन और विद्युत उपकेंद्र तहसील से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति बंद रहेगी।
बताया कि टाउन बिजलीघर क्षेत्र के मोहल्ला हल्लूसराय, दुर्गा कॉलोनी, बरेली सराय, सरथल चौकी, जगत, सराफा बाजार, कोटगर्वी, शेरखां सराय, मुख्य बाजार, चमन सराय आदि में आपूर्ति बंद रहेगी। जबकि तहसील बिजलीघर से मोहल्ला जगत व चंदौसी रोड की आपूर्ति बंद रहेगी। संवाद