संभल। चंदौसी मार्ग पर सैफ खां सराय में सड़क में कई गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन्हीं गड्ढों से होकर वाहन निकल रहे हैं और हादसे का खतरा बढ़ा हुआ है। वहीं गवां मार्ग पर लधनपुर से लखनपुर तक सड़क में ज्यादा गड्ढे हैं। जिससे वाहन सवारों को निकलने में परेशानी हो रही है। गड्ढों की वजह से झटके लगते हैं। फिर भी पीडब्ल्यूडी बेपरवाह बना हुआ है। सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है।
संभल से चंदौसी की तरफ जाने वाले मार्ग पर सैफ खां सराय में सड़क के बीचोबीच गड्ढों की वजह से वाहन सवार दिक्कतों से जूझ रहे हैं। गड्ढे गहरे के साथ ही चौड़े भी हैं। बाइक, बस, ट्रक, टाटा मैजिक आदि वाहन जब यहां से गुजरते हैं तो हादसे का खतरा रहता है। जब गड्ढों वाले स्थान पर आमने-सामने से वाहन आ जाते हैं तो दुर्घटना होने की ज्यादा आशंका रहता है। वाहन सवारों का कहना है कि गड्ढों के कारण कभी भी हादसा हो सकता है। यहां से गुजरने वक्त झटके लगने से परेशानी होती है। इसलिए सड़क को दुरुस्त कराया जाना चाहिए।
दूसरी तरफ गवां मार्ग पर गांव लधनपुर से गवां तक कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे बने हुए हैं लेकिन लधनपुर से लेकर लखनपुर तक करीब 12 किलोमीटर क्षेत्र में ज्यादा गड्ढे हैं। जिस कारण वाहनों से निकलने वाले लोग परेशान हैं। कई हादसे भ हो चुके हैं और अब भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। तभी सुरक्षित सफर संभव हो सकता है। संवाद