फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संभल जिले अधिकतर कोल्ड स्टोरेज खाली, आलू के भाव में आई रिकार्ड तेजी

विज्ञापन
विज्ञापन
संभल। नए आलू की फसल ओलावृष्टि और बारिश में बर्बाद हुई है। पुराने आलू से भरे अधिकतर कोल्ड स्टोरेज खाली हो गए। बाजार में डिमांड बरकरार है और मंडियों में आलू की आवक कम है। इसलिए आलू के भाव तेजी के तमाम पुराने रिकार्ड ध्वस्त कर चुके हैं। संभल के आलू उत्पादकों का कहना है कि इतनी तेजी पहले कभी नहीं आई। पहली बार किसान को नए आलू का भाव 2000 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। कोल्ड स्टोरेज से निकल कर आ रहे चिप्सोना का 2400 रुपये प्रति क्विंटल और पुखराज का भाव 2200 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है।
विज्ञापन

संभल में आलू की खुदाई थोड़ी-थोड़ी होने लगी थी और 15-20 दिन में आलू बाजार में आना था लेकिन इससे पहले ही 12-13 दिसंबर को हुई बारिश और ओलावृष्टि ने आलू की फसल को बर्बाद कर दिया। इसके चलते कई इलाकों में 80-90 प्रतिशत तक फसल चौपट हुई है। प्रशासन क्षति का आंकलन करा रहा है। इस बीच आलू के भाव में तेजी आ गई है।
संभल जिले में 51 कोल्ड स्टोरेज हैं और 3.5 लाख मीट्रिक टन की भंडारण क्षमता है। कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष और आलू उत्पादक किसान राम केहर आर्य का कहना है कि वह 75 वर्ष के हो गए हैं। उनका पूरा जीवन आलू पैदा करने और बेचने में बीत गया। आलू के भाव में इतनी तेजी दिसंबर में उन्होंने पिछले साठ वर्ष में कभी नहीं देखी। यह पहला मौका है जब खेत पर किसान को नए और कच्चे आलू का भाव 2000 रुपये प्रति क्विंटल का मिल रहा है। पुराना आलू कोल्ड स्टोरेज से बाहर हो गया है। सिर्फ दो कोल्डस्टोरेज ऐसे हैं जिनमें थोड़ा सा आलू बचा है।
विज्ञापन

संभल क्षेत्र में 12-13 दिसंबर को हुई ओलावृष्टि में आलू की अधिकतर फसल तबाह हो चुकी है लेकिन जो दस-बीस प्रतिशत फसल बची है, उसको अच्छा भाव मिल रहा है। इससे वे किसान परेशान हैं जिनकी फसल बर्बाद हो गई है और जिन्हें भाव मिल रहा है उनके लिए सुकून की बात यह है कि पिछला घाटा तो कवर हो रहा है। अतीत के वर्षों में आलू की मंदी ने किसानों को आर्थिक क्षति पहुंचाई है। कम से कम इस बार तो ऐसे हालात नहीं हैं।
मंडी में प्रतिदिन आ रहा है एक हजार क्विंटल आलू
जिन इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से क्षति नहीं हुई है। उन इलाकों का आलू संभल मंडी में प्रतिदिन आ रहा है। लोग ट्रैक्टर ट्राली से अपना आलू ला रहे हैं। इस आलू को 1900-2000 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। यह जानकारी आलू व्यापारी रफत उल्ला उर्फ नेता छिद्दा ने दी है। उन्होंने बताया कि नया आलू भी 2000 कट्टे आ रहा है। यह तकरीबन एक हजार क्विंटल बैठेगा। इस आलू को अच्छा भाव मिल रहा है लेकिन ज्यादा परेशान वे किसान हैं जिनके खेत बारिश और ओलावृष्टि से तबाह हो गए।
पंजाब से भी आ रहा है नया आलू
संभल मंडी में पंजाब का नया आलू दिल्ली मंडी के रास्ते आ रहा है। आलू की संभल जिले में अधिकतर फसल बर्बाद हो चुकी है। इसलिए जरूरत पर दिल्ली मंडी से पंजाब का नया आलू आ रहा है। आलू व्यापारी चंद्रेश आर्य ने बताया कि नया आलू अच्छे भाव पर है। इसलिए किसान उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि अगर बारिश से फसलों को क्षति न हुई होती तो संभल को बढ़े भाव का लाभ अधिक मिलता।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें