चंदौसी। बहजोई डाकघर के सहायक दीपक कुमार पर चंदौसी डाकघर में तैनाती के दौरान लोगों के खातों से पैसे निकालकर धोखाधड़ी करने के आरोप लग रहे हैं। इसी क्रम में एक और मामला सामने आया है, जिसमें दो महिलाओं के खातों से लाखों रुपये की धनराशि हड़पने का आरोप लगाया गया है। मुरादाबाद गेट निवासी महिला ललतेश वार्ष्णेय के बाद अब आवास विकास निवासी ममता ने डाक सेवक पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
चंदौसी के आवास विकास निवासी प्रॉपर्टी डीलर विनोद कुमार गुप्ता की पत्नी ममता ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उप डाकघर बड़ा बाजार चंदौसी में उनका खाता है। 11 जनवरी 2024 को उन्होंने अपने खाते से चार लाख रुपये तथा दो लाख रुपये की एफडी कराई थी। एफडी की प्रविष्टियां डाक सेवक दीपक कुमार निवासी मोहल्ला सेमरटोला, चंदौसी द्वारा पासबुक में अंकित की गई थीं।
इसके अतिरिक्त सात अप्रैल 2024 को नौ लाख रुपये की एक अन्य एफडी कराई गई थी, जिसकी प्रविष्टि भी दीपक कुमार द्वारा की गई तथा पासबुक पर हस्ताक्षर और डाकघर की मोहर भी लगाई गई।
महिला का कहना है कि जब 10 जनवरी 2026 को एफडी परिपक्व हुई तो वह धनराशि प्राप्त करने के लिए उप डाकघर बड़ा बाजार पहुंचीं। वहां कर्मचारियों ने पासबुक की जांच के बाद बताया कि एफडी की प्रविष्टियां विभागीय रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं हैं और वे फर्जी प्रतीत होती हैं।
महिला के अनुसार, इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन से डाक सेवक दीपक कुमार से संपर्क किया, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा और धनराशि लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा। महिला ने डाकघर में लिखित शिकायत भी दी, जिसके बाद डाकघर प्रशासन ने पासबुक अपने पास जमा कर ली तथा एक प्राप्ति पत्र जारी किया।
महिला का आरोप है कि दीपक कुमार ने फर्जी अभिलेख और पासबुक प्रविष्टियों का उपयोग कर धोखाधड़ी पूर्वक उनकी कुल 15 लाख रुपये की धनराशि हड़प ली और उसका दुरुपयोग किया। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी डाक सेवक के विरुद्ध कार्रवाई तथा धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं, चंदौसी के मुरादाबाद गेट निवासी महिला ललतेश वार्ष्णेय से भी 2.18 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।